बेंगलुरु/नयी दिल्ली, 29 मई (वार्ता) कर्नाटक के निवर्तमान उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में नयी कैबिनेट के गठन या नेतृत्व में बदलाव को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। श्री शिवकुमार ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक शनिवार को बुलाई गई है और आलाकमान के साथ चर्चा अभी भी जारी है और सभी विधायकों को बैठक के लिए बेंगलुरु में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, “सब कुछ आलाकमान के निर्देश के अनुसार हो रहा है। अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। शनिवार को हमने सीएलपी की बैठक बुलाई है। उसमें हमारे केंद्रीय नेता आएंगे। हमें अपने आलाकमान के साथ चर्चा करनी है। हमने सभी विधायकों से बेंगलुरु में मौजूद रहने को कहा है। इसके अलावा और कुछ नहीं है।” ये घटनाक्रम मुख्यमंत्री सिद्दारमैया द्वारा अपने पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद सामने आए हैं,
जिससे कांग्रेस-शासित राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।सरकार गठन के अगले कदमों पर विचार-विमर्श करने के लिए शुक्रवार को नयी दिल्ली में श्री सिद्दारमैया, श्री शिवकुमार और केजे जॉर्ज सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई। श्री शिवकुमार ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ भी अलग से चर्चा की है। श्री सिद्दारमैया ने इससे पहले कैबिनेट में फेरबदल की योजनाओं, राज्यसभा चुनावों और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। कांग्रेस विधायक अशोक पट्टन ने अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रही अटकलों के बीच दावा किया कि शनिवार की बैठक में शिवकुमार के कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने जाने की संभावना है और उन्होंने संकेत दिया कि कैबिनेट में कई नये चेहरे शामिल हो सकते हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने हालांकि इस बदलाव को सहज बताया और कहा कि यह उस पहले से तय व्यवस्था का हिस्सा था, जब श्री सिद्दारमैया ने अपने दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभाला था। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से शासन में निरंतरता और स्थिरता सुनिश्चित होगी। इस बीच विधायक सतीश जारकीहोली ने कहा कि दिल्ली में हुई चर्चाओं के बाद पार्टी नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ सलाह-मशविरा करने के बाद ही अंतिम फैसला लेगा।

