ग्वालियर: घर के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय बालक को ट्रक ने टक्कर मार दी। किसी तरह से बच्चा बच गया तो ट्रक बैक करते वक्त उसके पैर पर चढ़ गया। पैरों को कुचलते हुए ट्रक निकल गया। घटना गोला का मंदिर इलाके नारायण बिहार, अनाज मंडी के पास की है। घटना के वक्त बच्चे का पिता मजदूरी करने गया था। लोगों ने ट्रक ड्रायवर को पकड़ लिया और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मासूम के दोनों पैर बुरी तरह से कुचल और पिचक गये है। उसे जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मासूम अपने पिता के साथ रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही पिता अस्पताल पहुंच गया। पुलिस ने घायल के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।शहर के गोला का मंदिर क्षेत्र की नारायण विहार कॉलोनी, गल्ला मंडी के पास रहने वाला 39 वर्षीय बंटी पुत्र राजेंद्र रावत पेशे से मजदूर है। वह टाइल्स लगाने का काम करता है। पत्नी से उसका कोर्ट में केस चल रहा है, इसलिए वह साथ नहीं रहती। बंटी का पांच साल का बेटा आशिक रावत है। बेटे की पूरी परवरिश वह टाइल्स का काम करके कर रहा है।
सुबह बंटी काम पर चला गया था। उसका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान नारायण विहार अनाज मंडी की ओर जा रहे ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्चा गिर पड़ा और ट्रक का पिछला पहिया उसके एक पैर पर चढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो ट्रक चालक ने गाड़ी बैक कर दी, जिससे मासूम का दूसरा पैर भी पहिए की चपेट में आकर कुचल गया।
