रायपुर में नशा करने से रोकने पर चाकूबाजी, पिता-पुत्र सहित तीन घायल

रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पारस नगर इलाके में घर के सामने नशा करने से रोकने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक और उसके पिता ने मिलकर पड़ोसी परिवार पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में पिता-पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार पारस नगर निवासी अरुण साहू ने घर के सामने नशा कर रहे साहिल खान को मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। आरोप है कि साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने चाकू से हमला कर दिया।

घटना में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और पुत्र अनुज साहू घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अरुण साहू और अनुज साहू का उपचार जारी है। वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस, एसीपी कोतवाली तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Next Post

सीबीएसई ने ओएसएम पोर्टल में सेंध की खबरों को खारिज किया

Wed May 27 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘ऑन स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) पोर्टल में सेंध लगने के दावों को खारिज कर दिया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों को खारिज करते हुए जोर देकर कहा है […]

You May Like