
शाजापुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर नगर के मौसम में देखने को मिल रहा है. सुबह से तीखी धूप और गर्मी का सामना कर रहे नगरवासियों के लिए शाम को हुई बंूदाबांदी और फिर बारिश ने राहत का काम किया. जिससे मौसम में ठंडक घुल गई. मौसम विभाग की मानें तो 4 अप्रैल तक मौसम का यही हाल रहेगा.
सोमवार सुबह से ही सूरज आग उगल रहा था. तेज गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो रहा था. शाम करीब 5 बजे तक भी गर्मी का असर लोगों पर भारी पड़ रहा था और लोग पंखे, कूलर और एसी के सहारे समय गुजार रहे थे. लेकिन इसके बाद अचानक मौसम बदला और आसमान पर बादलों का डेरा लग गया. कुछ देर बाद तेज हवा चलने लगी और गर्मी का असर कम होने लगा. इसके बाद तेज हवाओं के साथ बूंदाबांद शुरू हो गई. जिससे लोगों ने राहत की सांस ली. इस दिन अधिकतम तापमान 35.5 व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से अधिक पहुंच चुका था. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मार्च माह में किस कदर गर्मी की शुरूआत हुई. लेकिन शाम को पश्चिमी विक्षोभ से बदले मौसम व ठंडी हवाओं ने जख्मों पर मरहम का काम किया. समाचार लिखे जाने तक नगर में बूंदाबांदी के बाद बारिश का दौर जारी थी.
4 अप्रैल तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर एक सप्ताह तक रहेगा. इस दौरान तेज हवा और बूंदाबांदी या कहीं कहीं तेज बारिश भी हो सकती है. इस दौरान तापमान भी कम होगा. लेकिन इसके बाद तापमान में वृद्धि होने लगेगी.
वैवाहिक आयोजनों के बिगड़े हाल
बेमौसम बारिश के कारण वैवाहिक आयोजनों की हालत बिगड़ गई है. अचानक बारिश आने से आयोजकों को ताबड़तोड़ अन्य व्यवस्था करना पड़ी.
बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता
जिले में इन दिनों रबी फसलों की कटाई व साफ सफाई का दौर चल रहा है. अनेक किसानों ने जहां अपने गेहूं की फसल कटाई कर ली है तो कईयों की फसल खेतों में खड़ी है या फिर कटाई के बाद फसल सूखने के लिए खेत में रखी है. ऐसे में इस बेमौसम बारिश की वजह से नुकसान होगा. वहीं जहां फसल पककर खेतों में खड़ी है वहां पर तेज हवा से फसल आड़ी पडऩे की भी आशंका बन रही है.
