इंदौर:भंवरकुआ पुलिस ने गुम मोबाइल तलाशने में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 3 लाख 60 हजार रुपए कीमत के 13 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए हैं. लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन फोन वापस मिलते ही उनके चेहरों पर खुशी लौट आई और पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 4 दिशेष अग्रवाल ने बताया कि पुलिस की टीम ने आधुनिक तकनीक की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश की. जांच के दौरान सभी 13 मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर चालू मिले, जिन्हें ट्रैक कर पुलिस ने बरामद कर लिया. इसके बाद मोबाइल मालिकों से संपर्क कर रविवार को उनके फोन सुपुर्द कर दिए. बरामद मोबाइल में रेडमी, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रियलमी और वन प्लस कंपनियों के महंगे फोन शामिल हैं.
ये मोबाइल रैली, जुलूस, जलसे और यात्रा के दौरान गुम हुए थे, जिनकी वापसी की उम्मीद लोगों ने लगभग छोड़ दी थी. मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों ने भंवरकुआ थाना प्रभारी और पुलिस टीम की सराहना की. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष दूधी, उप निरीक्षक नीलमणि ठाकुर, आरक्षक शैलेंद्र विनीत और रविकांत शर्मा की सराहनीय भूमिका रही.
