
पटना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को पटना जिले की बांकीपुर और मनेर विधानसभा में रोड शो करने के बाद मधेपुरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार ही बिहार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ सकती है। उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियाँ सत्ता में आने पर सिर्फ अपने परिवार का विकास करती हैं, जबकि एनडीए गरीब, महिला, किसान और युवाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की शक्ति और सामर्थ्य को विश्व स्तर पर बढ़ाया है। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहाँ सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष तक पहुंच सकता है। डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की जनता भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वालों को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जनता को भ्रमित करते हैं, जबकि एनडीए सरकार जनता को जनार्दन मानकर उसकी सेवा में लगी है। बांकीपुर और मनेर में उनके रोड शो के दौरान भारी जनसैलाब उमड़ा और लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की जनता इस बार ऐतिहासिक मतों से एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करेगी।
