
बैरसिया। भारतीय किसान संघ ने मंगलवार को किसानों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील गेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला मीडिया प्रभारी विनय सिंह पटेल ने बताया कि किसानों की प्रमुख मांगों में सहकारी संस्थाओं से मांग अनुसार खाद उपलब्ध कराना, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाना, किसानों को पंपों के लिए 10 घंटे बिजली देना तथा वर्षों से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों और अधिकारियों का स्थानांतरण शामिल है।
मांगें पूरी नहीं होने पर किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी भोपाल की ओर कूच कर गए। रास्ते में भोपाल रोड स्थित गरेठिया जोड़ पर एसडीएम आशुतोष शर्मा और पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोककर वार्ता की। इस दौरान किसान संघ ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। एसडीएम शर्मा ने तहसील स्तरीय मांगों के समाधान का आश्वासन दिया और कलेक्टर से किसान संघ के जिला अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत की दूरभाष पर बातचीत कराई। आश्वासन से संतुष्ट होकर किसान संघ के कार्यकर्ता शांतिपूर्वक लौट आए।
