सारब्रुकन (जर्मनी) उन्नति हुडा के महिला एकल के सेमीफाइनल मैच में इंडोनेशिया की दुनिया की नंबर सात खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वरदानी से हारने के बाद हाइलो ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय की चुनौती समाप्त हो गई।
शनिवार को खेले गये सेमीफानइल मुकाबले में18 साल की उन्नति हुडा को वरदानी से 21-7, 21-13 से हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 34वें नंबर पर मौजूद उन्नति हुडा की शुरुआत धीमी रही जबकि वरदानी ने शुरू में ही लय पकड़ ली, जिससे भारतीय खिलाड़ी नेट पर कई अनफोर्स्ड गलतियां करने पर मजबूर हो गईं। ब्रेक में 11-4 से पिछड़ने के बाद लंबे रैलियों में शामिल होने के बावजूद, हुडा 23 साल की वरदानी की स्पीड और सटीकता का मुकाबला नहीं कर पाईं।
दूसरा गेम भी कुछ ऐसा ही रहा। हालांकि उन्नति हुडा ने छह लगातार अंक लेकर गैप को 18-13 तक कम करने के लिए थोड़ी वापसी की, लेकिन वरदानी ने जल्द ही मैच पर नियंत्रण करते हुए 35 मिनट में मुकाबला जीत लिया।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अब मंगलवार से ग्वांगजू में शुरू होने वाले कोरिया मास्टर्स बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
