स्वच्छता को लेकर ठंडा पडऩे लगा लोगों में जुनून और उत्साह

इंदौर. शहर को स्वच्छता में देश में नंबर वन बनाने के लिए जिस तरह से पूर्व में लोगों में उत्साह और जुनून देखा जा रहा था, वह अब धीरे-धीरे कम होता जा रहा है. स्वच्छता को लेकर अब लोग फिर लापरवाही बरतने लगे हैं. शहर के ऐसे कई क्षेत्र हैं, जहां पर कचरा गाड़ी से उठाने के बाद दोबारा कचरे का ढेर दिखाई देने लगा है. ऐसे में नगर निगम को कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि लोगों की इस तरह की लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके.

 

शहर के वार्ड – 47 में हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया. साथ ही इसी क्षेत्र से लगे वार्ड 46 में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. वार्ड 46 अंतर्गत आने वाले पंचम की फेल क्षेत्र में रहवासियों द्वारा कचरा फेंकने की शिकायत मिली है. इसी के साथ में सफाई कर्मी की भी करतूत सामने आई है. बताया जाता है कि घरों के बीच बनी गली के मुहाने पर क्षेत्र के कुछ रहवासी अल सुबह कचरे की थेलियां पटक जाते हैं. इतना ही नहीं क्षेत्र में आने वाले सफाई कर्मी भी मोहल्ले का कचरा थैली में भरकर गली के मुहाने पर रख जाते हैं. यह कचरा वहां दिन भर रखे रहता है, जिस पर से बदबू आती रहती है और मक्खी-मच्छर भिनभिनाते रहते हैं. जो कई तरह की बीमारियों को आमंत्रण देते हैं. जिन लोगों के घरों के पास में यह कचरा पड़ा रहता है,उन्होंने अपने घरों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवा रखे हैं, जिसके फुटेज क्षेत्र के दरोगा को भी दिखाए गए, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती.

 

यह बोले रहवासी…

सुबह देखने में मिलता है कि घर के पास ही कचरे की ढेर सारी बोरियां और थैली पड़ी होती हैं. इनकी संख्या आए दिन बढ़ती जा रहा है. कई बार हमने लोगों को समझाइश दी, लेकिन वे झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं. कई बार झगड़ा भी हो चुका है.

– राजा रमनवाल

 

क्षेत्र में सफाई बराबर होती है, लेकिन सडक¸ किनारे जगह-जगह कचरा इकट्ठा कर दिया जाता है, जिससे गंदगी होती है, जो लोगों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव डालती है. दिन भर दुर्गंध भी फैलती रहती है.

– सुरेश शर्मा

 

इस स्थान को लोगों ने कचरा प्लांट बना दिया है, जिसे देखो वो कचरा पटक जाता है. दरोगा और पार्षद को भी शिकायत कर दी. एक-दो दिन बाद फिर लोग कचरा डालना शुरू कर देते हैं. पता नहीं इस समस्या से कब निजात मिलेगी.

– राजकुमार रमनवाल

 

लोगों को करेंगे जागरूक

जहां कचरा वाहन नहीं पहुंच पाता वहां हम कोशिश करेंगे कि हाथ गाड़ी पहुंचाई जाए. लोगों को जागरूक करेंगे कि वह खुले में कचरा न फेंके, अगर वहां फिर भी नहीं मानते हैं तो सख्ती से चालानी कार्रवाई की जाएगी.

– सैफु कुशवाह, पार्षद

Next Post

डबरा में नए टीआई ने लिया चार्ज, पुराने को जुलूस निकालकर दी विदाई

Sun Nov 2 , 2025
ग्वालियर। नवागत सिटी थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने डबरा सिटी थाना पहुंचकर चार्ज संभाल लिया। उन्होंने कहा कि गुंडे बदमाश एवं अपराध पर सख्ती रहेगी। उन्होंने कहा कि वे जनता के बीच सामंजस्य के साथ सीधा संवाद बनाएंगे। अपराधों पर अंकुश लगाना पहली प्राथमिकता के साथ साथ शहर की ट्रैफिक […]

You May Like

मनोरंजन