बेंगलुरु 22 फरवरी (वार्ता) शिनेल हेनरी (28 गेेंद में 62 रन) की आतिशी पारी की मदद से यूपी वारियर्स ने वुमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एक मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट पर 177 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर लिया।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक समय यूपी के छह खिलाड़ी 89 रन जोड़ कर पवेलियन लौट चुके थे और चंद ओवरों का खेल बचा था। ऐसे में हेनरी के बल्ले से निकली आग से दिल्ली के गेंदबाज झुलस गये। हेनरी ने मैदान के चारों तरफ चौके छक्कों की बौछार कर दी और यूपी का स्कोरबोर्ड हवा से बातें करने लगा। हेनरी ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान आठ गगनचुंबी छक्के और दो चौके लगाये। वह यूपी की पारी की अंतिम गेंद पर जानासन का शिकार बनी।
हेनरी के अलावा किरण नवगिरे (17),दीप्ति शर्मा (13),तालिया मैग्रा (24),श्वेता सहरावत (11) और सोफ़ी एकल्सटन (12) अपने स्कोर को दहाई तक पहुंचाने में सफल रहीं। दिल्ली की ओर से जेस जानासन ने 31 रन खर्च कर यूपी के चार बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखायी जबकि अरुंधति रेड्डी और मरीज़ान काप ने दो दो विकेट झटके।
