
भोपाल: मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रदेश के गौरव, संस्कृति और विकास की स्मृति का प्रतीक है, लेकिन वर्तमान मोहन सरकार ने इसे भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची से कलंकित कर दिया है।
पटवारी ने आरोप लगाया कि “लाड़ली बहना योजना” महिला सशक्तिकरण का नहीं, बल्कि बड़े आर्थिक घोटाले का माध्यम बन गई है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री हर महीने हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लेकर जनता पर बोझ बढ़ा रहे हैं। इस योजना के नाम पर 90,000 करोड़ रुपये का लोन लिया गया, लेकिन महिलाओं तक केवल 41,000 करोड़ रुपये ही पहुंचे। कांग्रेस ने सवाल उठाया—“बाकी 49,000 करोड़ रुपये का हिसाब कहां है?”
पार्टी ने दावा किया कि सरकार देश-विदेश से कर्ज लेकर जनता को गुमराह कर रही है और यह धन भ्रष्टाचार, फिजूलखर्ची तथा राजनीतिक प्रचार में लुटाया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा, “मोहन सरकार लाड़ली बहनों के नाम पर लोन लेती है, लेकिन चोरी करती है।”
इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की “गारंटी” को भी छलावा बताते हुए कहा कि किसानों को फसल बीमा और न्यूनतम समर्थन मूल्य में धोखा मिला है, लाड़ली बहनों के साथ विश्वासघात हुआ है और मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है। पार्टी ने कहा कि युवाओं और कर्मचारियों को रोजगार और वेतनवृद्धि के नाम पर सिर्फ झूठे वादे मिले हैं।
अंत में कांग्रेस ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि मध्य प्रदेश दिवस के अवसर पर संकल्प लें—भ्रष्टाचार और छल से मुक्त, सच्चे विकास वाला नया मध्य प्रदेश बनाएं।
“जय हिंद! जय मध्य प्रदेश!”
