
अशोकनगर। कोतवाली पुलिस ने दुर्लभ प्रजाति के रेड सैंड बोआ (एरिक्स) सांप की तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद सांप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 और 39 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक सांप को बेचने के उद्देश्य से जेबीएस कॉलोनी की ओर जा रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान ने उपनिरीक्षक मनीष गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली तो उनके बैग से जीवित रेड सैंड बोआ सांप मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबू आदिवासी और शिवा आदिवासी, निवासी ग्राम टीटौर थाना बहादुरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह सांप वे जयपुर (राजस्थान) से अपने रिश्तेदारों के माध्यम से लाए थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल सहित सांप को जब्त कर लिया है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान, उपनिरीक्षक मनीष गुर्जर, आरक्षक गौरव रघुवंशी, दिनेश कुशवाह, अभय प्रताप, पवन वघेल, महेश बघेल, श्रीकांत शुक्ला और थाना देहात के आरक्षक धर्मेंद्र राजावत की सराहनीय भूमिका रही।
