इंदौर: एरोड्रम पुलिस ने छात्रों से भरी कॉलेज बस चला रहे शराब के नशे में धुत चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली. समय रहते पुलिस की सतर्कता से दर्जनों छात्रों की जान बच गई.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि घटना कल शाम करीब 6 बजे की हैं, पुलिस को सूचना मिली कि एयरपोर्ट रोड पर तेज रफ्तार और लहराती हुई कॉलेज बस नम्बर एमपी 41 पी 0629 जा रही है.
सूचना पर एरोड्रम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिजासन टी प्वाइंट पर बस को रोका. जांच के दौरान बस में एनएमआईएमएस कॉलेज, इंदौर के छात्र बैठे मिले जो चालक की हरकतों से भयभीत थे. बस चालक की ब्रीथ एनालाइज़र से जांच करने पर वह शराब के नशे में पाया गया. इस पर से एरोड्रम थाने में प्रकरण दर्ज कर बस जब्त कर आगे की जांच की जा रही है.
