
नरसिंहपुर। पड़ोसी जिले सिवनी के हवाला-डकैती कांड में आरोपी 10 पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में शिफ्ट किया गया। इन सभी को जेल विभाग के निर्देश पर एक पुलिस वाहन के जरिए सिवनी से लाया गया। आरोपियों को यहां रखने के पीछे यह कारण बताया जा रहा है कि यदि उन्हें सिवनी की स्थानीय जेल में रखा जाता तो वहां पहले से बंद आरोपियों के साथ विवाद की आशंका बनी रहती।
नरसिंहपुर जेल प्रशासन को सिवनी से आरोपियों के लाए जाने की सूचना पहले ही मिल चुकी थी, जिससे जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। दोपहर के समय पुलिस वाहन पहुंचने पर सभी आरोपियों को औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर जेल में दाखिल किया गया।
केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में शिफ्ट किए गए पुलिसकर्मियों में बंडोल थाना प्रभारी एसआई अर्पित भैरम, लखनादौन एसडीओपी कार्यालय के प्रधान आरक्षक राजेश जंघेला, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रविन्द्र सिंह उइके, माखन सिंह इनवाती, आरक्षक जगदीश यादव, योगेन्द्र चौरसिया, एसएएफ आरक्षक सुभाष सदाफल, केदार सिंह, एसडीओपी के वाहन चालक आरक्षक रीतेश वर्मा और आरक्षक नीरज राजपूत शामिल हैं। वहीं निलंबित एसडीओपी पूजा पांडेय को रीवा जेल भेजा गया है।
