ग्वालियर: जीवाजी विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययनशाला के छात्रों ने सहकारी दुग्ध संघ सांची डेयरी बामौर का औद्योगिक भ्रमण किया जहां छात्रों को दुग्ध संकलन एवं दुग्ध उत्पाद के उत्पादन तथा गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। प्लांट मैनेजर ने डेयरी मैनेजमेंट, दुग्ध कलेक्शन, पाश्चराइजेशन, प्रोसेस आदि की जानकारी दी। पैकिंग विधि को भी समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष प्रो.एसके सिंह ने कहा कि छात्र सैद्धांतिक ज्ञान हासिल करते हैं, औधोगिक भ्रमण के दौरान उसको व्यवहारिक रूप में सीखने का अवसर प्राप्त हुआ। भ्रमण से छात्रों को सांची दुग्ध संघ का गठन कब और किस उद्देश्य से किया गया था और वहां दुग्ध संग्रहण, परीक्षण की कौन सी प्रक्रिया अपनाई जाती है जानकारी मिली। संकायाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र खटीक ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य स्टूडेंट्स को व्यावहारिक कार्य वातावरण के बारे में जानकारी प्रदान करना है, साथ ही साथ इस शैक्षणिक भ्रमण से स्टूडेंट्स अपने प्रायोगिक ज्ञान में अभिवृद्धि करेंगे एवं स्वरोजगार तथा उद्यमी बनने के लिए प्रेरित होंगे।
