इंदौर:शहर में गुरुवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. कश्मीर की ओर से चल रही सर्द हवाओं और घने कोहरे ने फिजा में ठंडक घोल दी. दृश्यता इतनी कम हो गई कि हवाई यातायात पर भी इसका असर पड़ा. वहीं, इस वर्ष अक्टूबर में सर्वाधिक बारिश होने के कारण भी वातावरण में ठंडक बढ़ गई है. वर्ष 1985 के करीब 40 साल बाद अक्तूबर 2025 सर्वाधिक बारिश वाला वर्ष रहा. अक्टूबर 1985 में 230.3 मिमी (9.07 इंच) बारिश के बाद इस वर्ष 128.5 मिमी (5.06 इंच) वर्षा दर्ज की जा चुकी है. बारिश से वातावरण में ठंडक बढ़ गई है.यदि नवंबर में मावठा गिरा तो और ठंड बढऩे की संभावना है.
कोहरे और बादलों से घिरे मौसम के बीच शहर में दिनभर ठंडक बनी रही. मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री और पिछले दिन की तुलना में 4.6 डिग्री कम था. वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा. हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रही तथा गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची. दृश्यता सुबह के समय 500 मीटर तक सीमित रही, जबकि अधिकतम 3 किलोमीटर तक दर्ज की गई. कई क्षेत्रों में हल्की फुहारें भी पड़ीं, जिससे माहौल और सुहाना हो गया. मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर में सक्रिय सिस्टम और मोंथा तूफान के असर से नमी बनी हुई है. इसके चलते अगले कुछ दिनों तक इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है. बादल छाए रहने से धूप में कमी और ठंड में इजाफा देखने को मिलेगा.
शारजाह जाने वाले यात्री भी फंसे
बादलों में सूरज पूरे दिन छुपा रहा और दृश्यता इतनी कम हो गई कि हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ. सुबह एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो एयरलाइंस की दो फ्लाइटों को दृश्यता न होने के कारण इंदौर की जगह अहमदाबाद और भोपाल डायवर्ट करना पड़ा. सुबह 7.55 बजे दिल्ली से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट जब इंदौर पहुंची तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उतरने की अनुमति नहीं मिली. लगभग 20 मिनट हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान को अहमदाबाद भेज दिया.
इसमें 171 यात्री सवार थे. इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस की बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट 6 ई-959 को भी कोहरे के कारण भोपाल भेजना पड़ा, जिसमें 164 यात्री सवार थे. दिल्ली से इंदौर आने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट सुबह 9.25 बजे शारजाह के लिए रवाना होती है, लेकिन दिल्ली से विमान न पहुंच पाने के कारण इंदौर से शारजाह जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर अटक गए. वहीं, बेंगलुरु से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी वापसी में देरी करनी पड़ी. अधिकारियों के अनुसार, दोनों विमानों के 11.30 बजे तक इंदौर पहुंचने और दोपहर तक रवाना होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक फ्लाइट्स नहीं पहुंची थीं
