
इटारसी। धर्म और आस्था के प्रतीक श्री दुर्गा नवग्रह मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले नगर अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन इस वर्ष भी सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। यह इटारसी का सबसे बड़ा अन्नकूट उत्सव माना जाता है, जिसमें श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी और धार्मिक उत्साह चरम पर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत गोवर्धन पूजन से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने गोवर्धन महाराज और माँ दुर्गा का पूजन कर आशीर्वाद लिया। पूजन के मुख्य यजमान श्रीमती अनीता सुरेंद्र सैनी एवं श्रीमती किरण सुनील दुबे रहीं, जबकि पूजन कार्य पं. अतुल कृष्ण मिश्रा के सान्निध्य में संपन्न हुआ। मंदिर के पुजारी सत्येंद्र पांडे और पीयूष पांडे ने आयोजन में विशेष सहयोग दिया।
15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
श्री दुर्गा नवग्रह मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद पगारे एवं उनकी टीम के प्रयासों से यह विशाल आयोजन सफल रहा। शाम 7 बजे से प्रारंभ हुआ प्रसाद वितरण रात्रि 11:30 बजे तक चला। अनुमान है कि नगर के 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, मप्र तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल चौरे, नपा उपाध्यक्ष निर्मल राजपूत, सभापति राकेश जाधव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
