सतना : आईटीआई बसोर बस्ती के निकट मंगलवार की रात 4 युवकों ने मिलकर दुस्साहसिक तरीके से चाकूबाजी करते हुए 3 लोगों को घायल कर दिया था. जिसमें से एक व्यक्ति ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को गिरफ्तार कर लिया.कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात लगभग 11 बजे मयंकार त्रिपाठी, उनके बड़े भाई प्रलयंकार त्रिपाठी और उनके मित्र शोभित पाण्डेय दो आटो में सवार होकर आईटीआई बसोर बस्ती के निकट पहुंचे.
जहां पर प्रलयंकार ने छोटे भाई मयंकार से कहा कि वे बस्ती में रहने वाले अपने एक परिचित से मिलने के लिए जा रहे हैं. जिसके चलते मयंकार और शोभित अपने आटो में बैठे रहे. कुछ देर बाद ही प्रलयंकार आईटीआई बसोर बस्ती की ओर से दौड़ते हुए उनके पास आए और बताया कि उन्हें चाकू मार दिया गया है. यह देखते हुए मयंकार और शोभित फौरन आटो से उतरे और प्रलयंकार को संभालने का प्रयास किया.
तभी एक युवक हाथ में चाकू लिए उनके सामने आकर खड़ा हो गया. प्रलयंकार पर हमला करने का कारण पूछते ही हाथ में चाकू लिए युवक ने गाली-गलौच करते हुए शोभित के गले में चाकू से हमला कर दिया. यह मयंकार दौड़ा तो युवक ने चाकू से उसके पेट और कलाई पर हमला कर दिया. इसी दौरान एक महिला वहां पर बीचव बचाव करने के लिए आ गई. लेकिन इसके बावजूद भी हाथ में चाकू लिए युवक प्रलयंकार को नीचे गिराकर मारता रहा.
तभी युवक के 3 साथी भी वहां पहुंच गए और मयंकार व शोभित को बुरी तरह मारने लगे. जिसके बाद उनकी जेब में रखे रुपए छीनकर चारों युवक भाग निकले. सीने में चाकू लगने के कारण प्रलयंकार का काफी खून बह चुका था. घायल अवस्था में ही छोटा भाई मयंकार और दोस्त शोभित उसे आटो में लादकर जिला अस्पताल ले गए. जहां पर जांच करने पर चिकित्साक द्वारा प्रलयंकार को मृत घोषित कर दिया गया.
श्मशान के पास छिपे मिले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस द्वारा मुखबिरों को सक्रिय करते हुए चाकूबाजी की घटनाा में शामिल आरोपियों की पहचान शुरु की गई. पहचान होते ही मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम आईटीआई बसोर बस्ती के पीछे स्थित श्मशान घाट के पास पहुंचकर घेराबंदी की. जिसके चलते आरोपी विष्णु वंशकार 22 वर्ष, सोनू उर्फ महेश बंसल 19 वर्ष, अंशू उर्फ विवेक बंशकार 21 वर्ष और मनी वंशकार 20 वर्ष को दबोच लिया. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया
