सतना : पलक झपकते ही अपराध करने के मामले में नाबालिग किस तरह शामिल होते जा रहे हैं इसकी एक झलक मैत्री पार्क के निकट देखने को मिली. स्कूटी सवार बालक से न सिर्फ मोबाइल झपट लिया गया बल्कि आपत्ति जताने पर मारपीट करते हुए उसके गले की चैन भी छीन ली गई. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जहां एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया वहीं दूसरे की तलाश जारी है.
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर 15 वर्षींय एक बालक अपनी इलेकिट्रक स्कूटी पर सवार होकर आवासीय विद्यापीठ से हवाई पट्टी की चहरदिवारी से होते हुए मैत्री पार्क की ओर आ रहा था. दोपहर के लगभग पौने 2 बजे बालक के मोबाइल की घंटी बजी. लिहाजा वह स्कूटी रोककर बात करने लगा. इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो नाबालिग उसकी ओर आए और देखते ही देखते उसका मोबाइल झपट लिया. बाइक सवारों को मोबाइल छीनकर भागते देख बालक अपनी स्कूटी से उनकी ओर भागा.
लेकिन मैत्री पार्क के सामने पहुंचते ही उन्होंने अपनी बाइक रोक दी और खड़े हो गए. जैसे ही बालक उनके पास पहुंचा और अपना मोबाइल मांगा तो दोनों नाबालिगों ने उसके साथ मारपीट शुरु कर दी. इसी दौरान एक लडक़े ने उसके गले में मौजूद चांदी की चैन छीन ली. फिर स्कूटी की चाबी निकालने के बाद दोनों धमकी देते हुए वहां से चले गए. मामले की शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया.
जिसमें संदेहियों के नजर आने पर मुखबिरों के जरिए उनकी पहचान की गई. इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना के आधार पर एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए आरोपी ने अपने नाबालिग साथी के साथ मोबाइल और चैन छीनने की घटना को स्वीकार कर लिया. जिसे देखते हुए उसे किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया. जबकि दसरे फरार नाबालिग आरोपी की तलाश की जा रही है.
