
सतीश विश्वकर्मा उमरिया। बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र की 210 मेगावॉट तीसरी यूनिट बॉयलर ट्यूब लीकेज के कारण बंद करनी पड़ी। मरम्मत जारी है, दो-तीन दिनों में पुनः शुरू होगी। लगातार तकनीकी खराबियों से संयंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई।
उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में एक बार फिर उत्पादन प्रभावित हुआ है। केंद्र की 210 मेगावॉट क्षमता वाली तीसरी यूनिट को वॉयलर ट्यूब लीकेज होने के कारण बंद करना पड़ा। लगातार तकनीकी खराबियों के चलते यह संयंत्र एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों से यहां यूनिट बंद होने का सिलसिला थम नहीं रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीसरी यूनिट में वॉयलर ट्यूब में लीकेज की समस्या सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से यूनिट को तत्काल बंद कर दिया गया। संयंत्र प्रबंधन ने बताया कि तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कर यूनिट को दोबारा शुरू किया जाएगा।
