
ग्वालियर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आज से मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण शुरू हो गया है। इस पुनरीक्षण के तहत ग्वालियर जिले के कुल 16 लाख 49 हजार 911 मतदाताओं से बीएलओ व उनकी अधीनस्थ टीम प्रत्यक्ष संपर्क कर मतदाता सूचियों में आवश्यक पुनरीक्षण करेंगी। विभिन्न चरणों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद 7 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।
मंगलवार को ग्वालियर जिले की निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर रूचिका चौहान ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण देशभर के 12 राज्यों में एक साथ शुरू हुआ है। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ यह ग्वालियर में भी शुरू कर दिया गया है। इसके तहत बीएलओ व उनके साथी कर्मचारी जिलेभर के प्रत्येक मतदाता के लिये विशिष्ट गणना प्रपत्र 27 अक्टूबर 2025 तक की स्थिति में तैयार करेंगे। इस प्रपत्र में मतदाता सूची में सम्मिलित ऐसी आवश्यक जानकारी होगी। प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र दिया जायेगा। जिसको मतदाता पूर्ण करेगा और बीएलओ इसमे मिलान व लिंकिंग पिछले एसआईआर से कर सकते है।
जिला निर्वाचन अधिकारी रूचिका चौहान ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की आवश्यकता इसलिये पड़ी कि राजनैतिक दल मतदाता सूचियों की गुणवत्ता पर प्रश्न उठा रहे थे, अभी तक 1951 से 2004 तक 8 बार पुनरीक्षण किया जा चुका है। मतदाता सूचियों में वैसे भी कई लोगों को बार बार स्थानांतरण, मृत मतदाताओं का नाम न हटाने और विदेशी व्यक्तियों के गलत समावेश होने से पुनरीक्षण की आवश्यकता पड़ी हैं। इसी के तहत नये मतदाता के नाम को जोड़ने के लिये फार्म-6 और घोषणा प्रपत्र भरे जायेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हमारा प्रयास होगा कि कोई भी पात्र नागरिक इस पुनरीक्षण में छूटे और कोई अपात्र इसमें शामिल न हो पाये।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रूचिका चौहान के मुताबिक 28 अक्टूबर से शुरू हुये इस अभियान के तहत मुद्रण प्रशिक्षण 3 नवंबर तक, घर घर गणना चरण 4 नवंबर से 4 दिसंबर, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर, दावे एवं आपत्तियों की अवधि 9 दिसंबर से 8 जनवरी, नोटिस चरण 9 दिसंबर से 31 जनवरी तक होगा। इसके बाद 7 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। जिला कलेक्टर ने जिले के सभी 1649911 मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर अनिल बनबारिया, एसबी ओझा, प्रभारी अपर संचालक जनसंपर्क मधु सोलापुरकर व जनसंपर्क अधिकारी हितेन्द्र भदौरिया भी उपस्थित थे।
