मंडला: मंडला जिले के सेमरखापा गांव में रविवार को आयोजित मड़ई मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां चार से पांच युवकों ने मिलकर एक अन्य युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लात-घूंसे और मुक्कों से किया हमला
घटना के वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर युवक पर लात-घूंसे और मुक्कों से लगातार हमला कर रहे हैं। पिटाई से युवक बुरी तरह घायल हो गया। यह पूरी घटना मेले के बीच हुई। बताया गया कि पिटाई के दौरान घटना स्थल पर सैकड़ों लोग आसपास मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी पीड़ित युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया। वे सभी केवल तमाशबीन बने रहे और युवक को लगातार पिटते देखते रहे।
पुलिस ने लिया संज्ञान, पहचान में जुटी
युवक की पिटाई का यह वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
