
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के कै॔ट थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर मोटर साइकिल सवार दो कॉलेज छात्रों की सड़क दुर्घटना मे मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त
जानकारी के अनुसार संजय रजक पिता महेश रजक निवासी सेमरा हार्ट तथा नितिन अहिरवार पिता लखन अहिरवार निवासी कोलुआ बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे और रोजाना की तरह बुधवार को भी बाइक से अपने गांव से सागर कॉलेज के लिए निकले थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब दोनों छात्र रानीपुरा क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे-44 से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे गुजरात पासिंग ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान वे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। युवकों की मौत से नाराज लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कैंट थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी तथा दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात दोबारा शुरू कराया गया। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गुजरात नंबर के ट्रक (जीजे 01 केटी 5296) को जब्त कर लिया है। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
