
भोपाल। ट्रेन से भोपाल पहुंची गांजा तस्करों की गैंग पर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की. पुलिस ने 5 महिला सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लगभग 36 किलो गांजा जब्त कर किया है. घरेलू सामान की आड़ में आरोपी गांजा तस्करी कर रहे थे और अब भोपाल में सप्लाई की तैयारी में थे. पंजाब मेल ट्रेन से गांजा तस्करी गैंग भोपाल पहुंचा था. बरामद गांजे की कीमत लगभग 4 लाख रूपये है. आरोपियों से गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में पूछताछ जारी है.
थाना प्रभारी अशोक मरावी के मुताबिक क्राइम ब्रांच ने शहर में सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की. पंजाब मेल ट्रेन से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर भोपाल पहुंचे 5 महिला और 2 पुरूष तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी इतने शातिर थे कि पुलिस को भ्रमित करने के लिए गांजा परिवहन के दौरान अपने साथ घरेलू उपयोग का सामान जैसे प्लास्टिक की टोकरी, टप, तगाड़ी, पटा, बाल्टियां एवं अन्य सामग्री लेकर चल रहे थे, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो सके. क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ महिला और पुरुष तस्कर पंजाब मेल ट्रेन से भारी मात्रा में गांजा लेकर भोपाल पहुंच रहे हैं और आउटर क्षेत्र में उतरकर करारिया जंगल के रास्ते पैदल-पैदल छोला क्षेत्र की ओर जाएंगे, जहां गांजा सप्लाई किया जाना है. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई शुरू की. पुलिस टीम ने स्टेशन बजरिया क्षेत्र स्थित कोच फै्ट्री काली मंदिर के पास घेराबंदी कर सभी संदिग्धों को पकड़ा. पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम और पता बताया. आरोपी राहुल सौदा (38), रवि मेसकर, रचना सौदा पति महेश सौदा (37), सीमा सौदा पति धर्म सौदा (35), निधि सौदा पति राहुल सौदा (25), काजल मेसकर (18) और आरती ऊंटबार पति नरेंद्र ऊंटबार (25) निवासी बमौरा सागर की गिरफ्तारी की गई है. पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से मिले अलग-अलग बैग, झोले एवं प्लास्टिक की बोरियों को चेक करने पर सभी सामानों के अंदर हरे रंग का पत्तीदार एवं नमीयुक्त पदार्थ भरा मिला. पूछताछ करने पर आरोपियों ने पदार्थ को गांजा होना बताया. आरपियों के कब्जे से बारामद अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल लगभग 36 किलो गांजा बरामद हुआ. आरोपियों ने गांजा को इस प्रकार पैक किया गया था कि सामान्य व्यक्ति को देखने पर यह घरेलू सामान जैसा लगे. पूछताछ में प्रारंभिक रूप से यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्यों से गांजा लाकर भोपाल शहर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने का काम करते थे. आरोपियों के तार गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों से भी जुड़े होने की संभावना है. गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है, जिसके संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा मोबाइल फोन और परिवहन में उपयोग किए जा रहे बैग, झोले सहित सामान भी जप्त किए हैं. क्राइम ब्रांच ने आरोपियों से गांजा सप्लाई नेटवर्क, गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य तस्करों एवं भोपाल में गांजा खरीदने वाले व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं.
