
जबलपुर। रांझी पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को अवैध देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे 17 गंभीर मामले दर्ज हैं।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया मड़ई ऑटो स्टैंड के पास घेराबंदी कर अमन केवट (22) निवासी रक्षा नगर कॉलोनी, बड़ा पत्थर रांझी को पकड़ा गया तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह हथियार रूपेन्द्र साहू नाम के व्यक्ति से 5,000 रुपये में खरीदा था। अमन केवट एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल 17 अपराध पहले से ही दर्ज हैं।
