
भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य महिलाओं को केवल 33 प्रतिशत आरक्षण देना नहीं, बल्कि ऐसा सशक्त महिला नेतृत्व तैयार करना है, जो अपनी योग्यता, क्षमता और मेहनत के दम पर समाज और देश का नेतृत्व कर सके। उन्होंने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठकों को संबोधित किया।
महिला मोर्चा की बैठक में खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है, जबकि शासकीय नौकरियों में भी महिलाओं को आरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी समाजों की महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, राजनीति और व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी बढ़ रही है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सीमा पर तैनात सेना के जवानों के लिए अपने हाथों से बनाई राखियां भी प्रदेश अध्यक्ष को सौंपीं। इन्हें जवानों को भेजा जाएगा।
जनजातीय समाज तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ
अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक में खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान जनजातीय समाज से भी जुड़ी है। कार्यकर्ता गांवों में जाकर जनजातीय समाज से सीधा संवाद करें, उसकी संस्कृति और त्योहारों का सम्मान करते हुए उसकी जरूरतों को समझें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, बैंक खातों और फसल बीमा जैसी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया।
ओबीसी समाज को संगठन से जोड़ने पर जोर
पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता में ओबीसी मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस सफलता को आगे भी बनाए रखने के लिए सभी ओबीसी समाजों का सहयोग जरूरी है। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियां बताएं तथा युवाओं को संगठन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि युवाओं को वर्ष 2003 से पहले के मध्यप्रदेश और वर्ष 2014 से पहले की देश की स्थिति तथा उसके बाद हुए बदलावों की जानकारी तथ्यों के साथ दी जानी चाहिए।
