सीहोर। शहर में 15 अक्टूबर को आयोजित होने वाली भव्य चुनरी यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. नपाध्यक्ष एवं हिंद रक्षक युवा समिति के संरक्षक प्रिंस राठौर ने प्रेस वार्ता आयोजित कर यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि सुबह 10.30 बजे करौली वाली माता मंदिर से चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा. इस वर्ष माता रानी को 151 मीटर लंबी भव्य चुनरी अर्पित की जाएगी. यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी. अब तक करीब 12 हजार से अधिक महिलाओं को पवित्र चुनरी प्रदान की जा चुकी है. यात्रा में 300 से अधिक दुर्गावाहिनी की बालिकाएं शामिल होंगी. इसके अलावा बालिकाओं और युवतियों की आठ गरबा टीमें प्रस्तुतियां देंगी. यात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां भी शामिल रहेंगी. यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी देता है. नपाध्यक्ष राठौर ने नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं और श्रद्धालुओं से आयोजित होने वाली भव्य चुनरी यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.
