
ग्वालियर। डबरा हाईवे पर सड़क हादसे में पांच गौवंश की मौत के बाद आज जमकर बवाल हो गया। गुस्साए गौसेवकों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने परशुराम चौराहे पर चक्काजाम कर दिया।
डबरा स्थित हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पांच गौवंश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गौसेवक आक्रोशित हो गए और सड़क पर बैठ गए। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
बवाल ऐसे समय पर हुआ जब डबरा में आज बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन हो रहा था। इसी कारण डबरा में सुबह से ही गहमागहमी थी। जाम की सूचना पर पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शन के दौरान गुस्साए लोगों ने कृषि महोत्सव में शामिल होने जा रही कई बसों को भी रोक लिया, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी डबरा सिटी संजय शर्मा ने बताया कि हादसे से आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम किया। नगर पालिका अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद जल्द ही समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया है।
