बड़ी राहत! अब 31 नहीं 51 केन्द्रों पर होगी मूंग खरीदी

सीहोर। जिले के मूंग उत्पादक किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दी है. मूंग खरीदी की सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने और खरीदी की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ाने के बाद कृषि विभाग ने जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या भी बढ़ा दी है. अब किसान 31 की बजाय 51 केंद्रों पर अपनी उपज बेच सकेंगे. किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने सभी केंद्रों की सख्त मॉनीटरिंग शुरू कर दी है.

गौरतलब है कि गत एक जुलाई से जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी शुरू हुई थी, लेकिन सरकार द्वारा कुल उपज का केवल 25 प्रतिशत प्रति हेक्टेयर 3 क्विंटल खरीदने की सीमा तय किए जाने से अधिकांश किसान केंद्रों तक नहीं पहुंचे. कई स्थानों पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और चक्काजाम कर खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग की. किसानों के लगातार विरोध के बाद सरकार ने खरीदी सीमा बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी है. अब किसान प्रति हेक्टेयर 7 क्विंटल 20 किलो तक मूंग समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे.

इसी तरह सरकार ने स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त तथा खरीदी की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी है. इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त 10 दिन का समय मिलेगा.

उल्लेखनीय है कि कृषि विभाग ने जिले में इस वर्ष मूंग खरीदी के लिए 41 केंद्र स्वीकृत किए थे, लेकिन किसानों की कम आवक के कारण 31 केंद्रों पर ही खरीदी शुरू की गई थी. अब खरीदी सीमा बढऩे और किसानों की संख्या बढऩे की संभावना को देखते हुए शेष केंद्रों को भी शुरू किया जा रहा है. भैरुंदा, रेहटी और बुधनी क्षेत्र में 10 अतिरिक्त केंद्र शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. आगामी एक-दो दिन में इन केंद्रों पर भी खरीदी शुरू होने के बाद जिले में कुल 51 केंद्रों पर मूंग खरीदी की जाएगी.

37 हजार किसानों ने कराया पंजीयन

इस बार समर्थन मूल्य पर मूंग बेचने लगभग 37 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है. इनमें से अब तक करीब 24,800 किसानों ने स्लॉट बुक कराया है, जबकि लगभग 5 हजार किसान ही अपनी उपज बेच पाए हैं. अब तक करीब 4,800 मीट्रिक टन मूंग की खरीदी हो चुकी है. अधिकारियों का मानना है कि खरीदी सीमा बढऩे और अतिरिक्त समय मिलने से खरीदी की रफ्तार आने वाले दिनों में तेज होगी.

खरीदी केन्द्रों पर उमड़ी किसानों की भीड़, बिगड़ी व्यवस्था

भैरुंदा. समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की प्रति एकड़ सीमा बढ़ाए जाने के बाद शुक्रवार को भैरुंदा के उपार्जन केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सबसे अधिक दबाव भोपाल रोड स्थित श्रीराम वेयरहाउस केंद्र पर देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंच गए. अचानक बढ़ी आवक के कारण केंद्र के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. किसानों द्वारा वाहनों को सड़क किनारे और केंद्र के आसपास खड़ा किए जाने से भोपाल रोड पर कई किलोमीटर तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही. स्थिति ऐसी बनी कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. रात से शुरू हुआ दबाव शुक्रवार सुबह तक बना रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी लाइनें दिखाई दीं. इस दौरान पहले तौल कराने को लेकर किसानों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई. कतार और तौल व्यवस्था को लेकर शुरू हुई बहस बढऩे पर खरीदी कार्य अस्थायी रूप से रोकना पड़ा. सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. नायब तहसीलदार, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइश दी और तौल प्रक्रिया को व्यवस्थित कराया. करीब तीन घंटे तक खरीदी प्रभावित रहने के बाद प्रशासन ने व्यवस्था बहाल कर दोबारा तौल शुरू कराई. अधिकारियों का कहना है कि खरीदी सीमा बढऩे के बाद केंद्रों पर किसानों की संख्या अचानक बढ़ी है. भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

 

Next Post

खेत जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने रौंदा, हुई दर्दनाक मौत

Sat Aug 1 , 2026
पांढुरना। ग्राम मारूड निवासी किसान आज सुबह घर से खेत जा रहा था, इसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने ग्राम तिगांव-मारूड मार्ग पर इसे रौंद दिया, जिससे किसान की घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गईं। नगरीय सीमा से लगे ग्राम मारूड निवासी कृषक किशोर जसुतकर उम्र 40 […]

You May Like