आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे

रायपुर, (वार्ता) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे।

डॉ. भागवत का आज देर रात रायपुर हवाईअड्डे पर भाजपा नेताओं और संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे जागृति मंडल कार्यालय रवाना हुए।

अपने प्रवास के दौरान डॉ. भागवत राजधानी रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इन आयोजनों के माध्यम से वे संगठन की विचारधारा, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद करेंगे।

31 दिसंबर को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित सोनपैरी गांव में असंग देव कबीर आश्रम परिसर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन को डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत गुरुदेव असंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशाल डोम तैयार किया गया है।

हिंदू सम्मेलन से पूर्व 31 दिसंबर को ही सुबह नौ से 12 बजे तक एम्स परिसर में ”युवा संवाद” आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े करीब दो हजार युवा शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से आरएसएस जनवरी माह में प्रदेश स्तर पर होने वाले युवा सम्मेलनों की औपचारिक शुरुआत करेगा।

नववर्ष के पहले दिन एक जनवरी को राम मंदिर परिसर में सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह नौ से 12 बजे तक चलने वाली इस बैठक में डॉ. मोहन भागवत उपस्थित रहेंगे। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रदेश स्तरीय प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है, जहां सामाजिक समरसता और समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

डॉ. भागवत के इस प्रवास को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें समाज और युवाओं के साथ सीधे संवाद पर विशेष जोर रहेगा।

 

Next Post

चरोदा रेलवे यार्ड पार्किंग में आग लगने से कई वाहन जलकर खाक

Wed Dec 31 , 2025
दुर्ग, (वार्ता) छत्तीसगढ में दुर्ग जिले के चरोदा रेलवे यार्ड स्थित पार्किंग क्षेत्र में आज रात अचानक भीषण आग लग जाने से पार्किंग में खड़े कई वाहन जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर […]

You May Like

मनोरंजन