
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की महिलाएँ अब जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के 47 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप में महिलाओं की भागीदारी है। लखपति दीदी योजना से एक लाख से अधिक महिलाएँ प्रतिवर्ष लाखों की आय अर्जित कर रही हैं, जबकि पाँच लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 62 लाख महिलाएँ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रही हैं। मुख्यमंत्री रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में भोपाल वुमेन हब द्वारा आयोजित एमपी एक्सीलेंस अवार्ड-2025 कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाएँ कृषि-उद्योग, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, बायोटेक और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में पहचान बना रही हैं। इस अवसर पर डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी को छठ पूजा की शुभकामनाएँ भी दीं।
