छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ ओम नमः शिवाय अरजरिया ने जनपद बक्सवाहा के विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास कार्यों, शालाओं, गौशालाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। कई स्थानों पर लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए।
सीईओ अरजरिया ने ग्राम किशुनपुरा की गौशाला का निरीक्षण करते हुए गौवंश की संख्या क्षमता अनुसार रखने और वहां की मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने माध्यमिक शाला किशुनपुरा में छात्रों की उपस्थिति पंजी जांची, जिसमें गड़बड़ी मिलने पर अतिथि शिक्षक संतोष दुबे को कड़ी चेतावनी दी। इसी प्रकार ग्राम कुही में मजदूरी भुगतान न करने पर रोजगार सहायक दिनेश दुबे के विरुद्ध कार्यवाही के आदेश दिए गए।
ग्राम गढ़ीसेमरा में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि आंगनवाड़ी में 76 दर्ज बच्चों में से मात्र 10 बच्चे उपस्थित थे। इस पर उन्होंने सीडीपीओ को बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं माध्यमिक शाला गढ़ीसेमरा में एक शिक्षक गुटखा खाते पाए गए, जिस पर सीईओ ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी। शाला में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए हरिओम स्वसहायता समूह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
