रूस ने की इजरायल की ओर से ईरान पर किये गये हमले की निंदा

माॅस्को, 13 जून (वार्ता) रूस ने इजरायल-ईरान संघर्ष के बारे में चिंता व्यक्त की है और तनाव में तेज वृद्धि की आलोचना की है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निर्देश पर विदेश मंत्रालय जल्द ही इजरायल और ईरान के बीच की स्थिति पर एक विस्तृत बयान जारी करेगा। उन्होंने कहा, “राष्ट्र प्रमुख के आदेश से विदेश मंत्रालय बहुत निकट भविष्य में एक विस्तृत बयान जारी करेगा, जिसे फिर संयुक्त राष्ट्र में वितरित किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि श्री पुतिन को दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बारे में जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति पुतिन को रक्षा मंत्रालय, विदेशी खुफिया सेवा और विदेश मंत्रालय के माध्यम से क्षेत्रीय घटनाओं पर वास्तविक समय की रिपोर्ट मिल रही है।”

तास न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेश मंत्रालय ने इजरायली हमलों की निंदा करते हुए इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा, “हम पश्चिम एशिया में तनाव के खतरनाक रूप से बढ़ने पर चिंता व्यक्त करते हैं। हम इजरायल के बलपूर्वक अभियान की कड़ी निंदा करते हैं। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के मानदंडों का उल्लंघन करता है। एक संप्रभु देश, उसके नागरिकों, शांतिपूर्ण शहरों और परमाणु अवसंरचना सुविधाओं के खिलाफ बिना उकसावे के सैन्य हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस तरह के अत्याचारों को उदासीनता से नहीं देख सकता, क्योंकि वे दुनिया को नष्ट कर देते हैं और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।”

Next Post

नेतन्याहू ने मोदी को ईरान पर हमले की जानकारी दी

Fri Jun 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने  आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी को टेलीफोन पर ईरान पर हमले और वहां की स्थिति की जानकारी दी। श्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट में बताया, “इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन आया। उन्होंने मुझे उभरती हुई स्थिति के […]

You May Like

मनोरंजन