नयी दिल्ली, 14 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत में अमेरिका तथा ऑस्ट्रिया के नवनियुक्त राजदूतों और त्रिनिदाद-टोबैगो के नवनियुक्त उच्चायुक्त के परिचय-पत्र बुधवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में स्वीकार किये।
अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर, त्रिनिदाद – टोबैगो के उच्चायुक्त चंद्रदत्त सिंह, ऑस्ट्रिया के राजदूत रॉबर्ट ज़िशग ने राष्ट्रपति से समारोह पूर्वक भेंट कर उन्हें अपने परिचय-पत्र सौंपे।
राष्ट्रपति सचिवालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह समारोह भारत और इन देशों के बीच राजनयिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है।
परिचय-पत्र स्वीकार करना राजनयिक जिम्मेदारियों को संभालने की दिशा में एक औपचारिक कदम है, जो वैश्विक कूटनीति में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में भारत की भूमिका और एशिया और प्रशांत क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग की उसकी मुक्त नीति को उजागर करता है।
