चुरहट में भारी-भरकम बिजली बिलों से जनता हलाकान :अजय सिंह 

सीधी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र चुरहट के विभिन्न गांवों में बिजली उपभोक्ताओं को मिल रहे अत्यधिक और अनियंत्रित बिजली बिलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि वास्तविक खपत के आधार पर बिलों में सुधार किया जाए।

अजय सिंह ने कहा कि चुरहट के ग्राम खड्डी, भुईया डोल, रिमारी एवं मोहनी सहित अनेक क्षेत्रों से ग्रामीणों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि उन्हें पिछले कुछ महीनों से हजारों रुपये के मनमाने बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन गांवों के अधिकांश उपभोक्ता गरीब और मध्यम वर्गीय किसान हैं । उनकी बिजली की वास्तविक खपत बहुत कम है, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें अत्यधिक राशि के बिल भेजे जा रहे हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि ग्रामीणों को आशंका है कि यह समस्या खराब मीटरों, गलत रीडिंग या विभागीय उदासीनता के कारण निर्मित हुई है। एक तरफ महंगाई की मार है और दूसरी तरफ इस तरह के ‘करंट’ मारते बिजली बिलों ने ग्रामीण परिवारों की कमर तोड़ दी है। कई परिवारों के लिए इन बिलों का भुगतान करना असंभव हो गया है।

अजय सिंह ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से कहा है कि वे इस गंभीर जनसमस्या को तत्काल संज्ञान में लें। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित गांवों में विशेष शिविर लगाकर मीटरों की जांच कराई जाए और त्रुटिपूर्ण बिलों में सुधार कर वास्तविक खपत के अनुसार नए बिल जारी किए जाएं।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और गरीब ग्रामीणों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो स्थिति विस्फोटक रूप ले सकती है।

Next Post

आधुनिक तकनीक से कृषि प्रबंधन हुआ अधिक सटीक और पारदर्शी : सीएम डॉ यादव

Sat Mar 14 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़कर फसल प्रबंधन को अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। राज्य सरकार की ‘सारा’ और ‘उन्नति’ एग्री-जीआईएस प्रणाली से उपग्रह चित्रों, ड्रोन सर्वेक्षण और खेतों की वास्तविक तस्वीरों का आर्टिफिशियल […]

You May Like