प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया विजन ने खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दिया बढ़ावा: डॉ.राजेश

सीधी: जिले में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत वूशु प्रतियोगिता 2025 का सफल आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के बालक-बालिका खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मैदान पर युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा, अनुशासन और जुझारूपन साफ झलक रहा था।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में खेलों का माहौल नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए खेलो इंडिया जैसे जनआंदोलनों को जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की खेल प्रतिभाओं पर जिस विश्वास के साथ नीतियां तैयार की हैं, उसका परिणाम यह है कि देश का युवा आज विश्व स्तर पर भारत का परचम लहरा रहा है। सांसद खेल महोत्सव भी उसी राष्ट्रीय विजऩ की कड़ी है, जो हर जिले, हर गांव की प्रतिभा को मंच देने का प्रयास है। सांसद ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन दृष्टि, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और अनुशासन का माध्यम है।

उन्होंने खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, ऑफिशियल्स और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीधी जिले की प्रतिभाएं लगातार आगे आ रही हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगी। कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने भी खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वूशु विशेषकर बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस का बेहतरीन साधन है और इसे अधिक से अधिक सीखने की आवश्यकता है।

उन्होंने खिलाडिय़ों को निरंतर अभ्यास और फिटनेस पर जोर देने की सलाह दी। समापन समारोह में विजेताओं को मेडल, मोमेंटो और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। खिलाडिय़ों की खुशी और उपलब्धि का उत्सव पूरे ग्राउंड में देखने को मिला।सीधी पुलिस लाइन स्थित वूशु ट्रेनिंग सेन्टर सामुदायिक भवन में खिलाडिय़ों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर मार्गदर्शन दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप जिले के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां अर्जित कर रहे हैं।
इन्होंने खिलाडिय़ों की शुभकामनाएं
मध्यप्रदेश वूशु संघ के अध्यक्ष जयदीप कुमार आईपीएस और सचिव मनोज गुप्ता ने खिलाडिय़ों और उनके कोच मानिंद शेर अली खान को बधाई दी। ऑफिशियल्स में दीनानाथ केवट, पवन यादव, सौरभ केवट, शिवम् जायसवाल, बाल कुमार लोनिया, शिवम् कुशवाहा, अनीशा यादव, सपना सोधिया आदि ने सफलतापूर्वक मैच संचालित किए। प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देने वालों में ज्ञानेन्द्र सिंह डायरेक्टर एकलव्य स्कूल, हरिशंकर पाण्डेय जिला क्रीड़ा अधिकारी, बबूल भैया पीटीआई, अरविंद सिंह, मुकेश मिश्रा, विक्रम सिंह, अरुण ओझा, रविंद्र सिंह स्पोट्र्स ऑफिसर संजय गांधी कॉलेज, भूमेश ठाकरे, सरोज पटेल समन्वयक, जयवीर सिंह समन्वयक सहित कई खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Next Post

नेशनल लोक अदालत 13 को, बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के प्रकरण में होंगे समझौते

Tue Dec 9 , 2025
सतना: नेशनल लोक अदालत 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) को आयोजित होगी। लोक अदालत में बिजली चोरी एवं अन्य अनियमितताओं के प्रकरण को समझौते के माध्यम से निराकृत किया जाएगा। विद्युत अधिनियम 2003 धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी के लंबित प्रकरणों एवं विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों के निराकरण के […]

You May Like