
सागर। केसली एवं रहली क्षेत्र में अलग-अलग किसानों के विरुद्ध फसल अवशेष जलाने पर अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। केसली के पटवारी अरविंद कुर्मी पटेल ने तहसीलदार केसली के आदेश के तहत थाना गौरझामर को रिपोर्ट सौंपी, जिसमें ग्राम नयानगर निवासी राकेश कुमार पिता गोकलचंद जैन द्वारा खेत में पराली जलाने की जानकारी दी गई। जांच में पाया गया कि आरोपी ने अपनी भूमि खसरा नंबर 480/2 रकबा 2.00 हेक्टेयर पर मक्का की फसल कटाई के बाद फसल अवशेषों को जलाया, जिससे पर्यावरण प्रदूषण एवं आगजनी की संभावना उत्पन्न हुई। थाना गौरझामर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। तहसीलदार केसली के तहत ग्राम जनकपुर के किसान भरत पिता शिवराज लोधी एवं आशीष पिता शिवराज लोधी द्वारा अपनी भूमि खसरा नंबर 359/2 रकबा 2.59 हेक्टेयर पर पराली जलाने का मामला सामने आया। तहसील रहली क्षेत्र में आवेदक बलराम अहिरवार की रिपोर्ट पर ग्राम ढिकुआ निवासी जयराम पिता हरिराम कुर्मी के विरुद्ध मामला दर्ज हुआ। आरोपी ने अपने खेत खसरा नंबर 45/1, रकबा 1.49 हेक्टेयर में पराली जलाकर शासन के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन किया था। तीनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
