
बैतूल। जिले में पुलिस प्रशासन ने बुधवार को महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों के तबादले और पदस्थापन के आदेश जारी किए। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन द्वारा जारी आदेशों में सबसे बड़ा बदलाव कोतवाली थाने में किया गया है। हाल ही में पत्रकार विवाद में फंसे निरीक्षक सत्यप्रकाश सक्सेना को कोतवाली प्रभारी पद से हटा दिया गया है। उन्हें रक्षित केंद्र बैतूल में पदस्थ किया गया है।
सक्सेना के स्थान पर गंज थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल को कोतवाली थाने का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि गंज थाने का स्वतंत्र प्रभार प्रशिक्षु डीएसपी शैफा हाशमी को सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार, टीआई सक्सेना पर एक स्थानीय पत्रकार से थाने में अभद्र व्यवहार का आरोप लगा था। इस घटना के बाद पत्रकारों ने एएसपी कमला जोशी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
प्रशिक्षु डीएसपी शैफा हाशमी मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भोपाल के 43वें बैच की अधिकारी हैं। उन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण के दौरान गंज थाने का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। प्रशिक्षण अवधि में वे हर सोमवार अपनी मेंटॉर अधिकारी एएसपी कमला जोशी को रिपोर्ट देंगी। यह जिम्मेदारी उन्हें पुलिसिंग के व्यवहारिक और प्रशासनिक पहलुओं की समझ विकसित करने के उद्देश्य से सौंपी गई है।
