इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार आज इंदौर जिले में गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया. इसके तहत जिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा और गौ पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए. मुख्य समारोह अहिल्या माता गौशाला जीवदयामंडल ट्रस्ट पेडमी में हुआ. मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, कलेक्टर शिवम वर्मा, जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, इंदौर जनपद अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया सहित अन्य जन प्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए. इस अवसर पर श्री सिलावट, कलेक्टर और जिपं सीईओ ने गोवर्धन और गौ माता का पूजन कर गुड़ तथा गो ग्रास खिलाया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, गौसेवक, पंचायत और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गोवर्धन पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, गोवंश और ग्राम्य जीवन के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है. गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण, दोनों का गहरा संबंध है. यह भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा है. उन्होंने गौशाला के प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि अहिल्या माता गौशाला जीवदयामंडल ट्रस्ट द्वारा की जा रही सेवा गतिविधियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं. कलेक्टर ने कहा कि गौ पालन भारतीय अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है. गोपालन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने उपस्थितजनों से अधिकाधिक गौसेवा और हरित कार्यों में सहभागिता का आह्वान किया.
लाड़ली बहनों का सम्मान
समारोह के दौरान मंत्री सिलावट ने उपस्थित सभी लाड़ली बहनों का सम्मान किया. उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं. इसके तहत ग्रामीणों को नि:शुल्क राशन भी दिया जा रहा है. साथ ही पीएम आवास भी उपलब्ध कराए जा रहे है. जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने उपस्थितजनों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं. लाड़ली बहनों को उपहार भी दिए.
