इंदौर: सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन से गिरने पर एक सिक्युरिटी गार्ड की दर्दनाक मौत हो गई. मामले में पुलिस जांच कर रही है.गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजेश पिता नारायण राव निवासी गांधी नगर के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजेश सुपर कॉरिडोर स्थित दिलीप नगर क्षेत्र के एक निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था.
शाम के समय वह ऊपरी मंजिल पर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा. साथियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है. प्रारंभिक रूप से यह हादसा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
