
इंदौर। कल नगर निगम अफसर द्वारा अनावश्यक सड़क की खुदाई करने पर भड़के महापौर आज एमपीआरडीसी अधिकारियों पर बिफर गए और बोले कि आपकी लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है। वही सड़क सुरक्षा समिति बैठक में भी कलेक्टर शिवम वर्मा ने एमपीआरडीसी अधिकारी को लताड़ लगाई । साथ ही मौजूद अधिकारी से पूछा कि कितने दिनों में सर्विस रोड बनाकर दोगे?
आज का दिन एमपीआरडीसी अधिकारियों पर गाज गिरने का दिन बन गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव दोपहर में मुसाखेड़ी प्लाई ओवर ब्रिज निर्माण स्थल पहुंच गए। वहां सर्विस रोड की बदहाली देखकर और जनता की सुनवाई नहीं होने पर एमपीआरडीसी अधिकारियों पर जमकर बिफरे।
महापौर भार्गव ने निर्माण एजेंसी और एमपीआरडीसी अधिकारियों से कहा कि आपका अधिकारी कहेगा तो काम होगा। जनता की सुनवाई नहीं करोगे । आपकी लापरवाही से जनता और वाहन चालक परेशान है। वहां मौजूद अधिकारियों से महापौर ने कहा कि आप एजेंसी पर पेनल्टी लगाए। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने कहा कि तीन दिन में ठीक कर देंगे। इस बात पर महापौर ओर भड़क गए और बोले कि आपकी लापरवाही के कारण निगम और सरकार की छवि खराब हो रही है। डेढ़ महीने हो गए लेकिन सड़क पर धूल उड़ रही है। जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठ रहे हैं।
इसके बाद महापौर ने एमपीआरडीसी अधिकारियों से कहा कि सर्विस रोड पहले चौड़ी करें और उसके बाद निर्माण करें। यहां से भारी वाहन और बसें निकलती है। जहां तक जगह मिले उतनी सड़क बन जाना चाहिए।
कलेक्टर वर्मा ने भी लगाई लताड़
आज सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने एमपीआरडीसी अधिकारी को लताड़ लगाई। वर्मा ने कहा कि आपकी बहुत ज्यादा शिकायत आ रही है । लापरवाही भी है। सत्यसांई, मुसाखेड़ी सहित सभी जगहों पर सड़क पर बड़े बड़े गड्ढों से परेशानी हो रही है। यातायात जाम व निगम की लाइन को भी नुकसान पहुंचा रहे है। आपका काम ठीक नही है और निर्माण एजेंसियों की कोई मॉनिटरिंग नही की जाती है। बहुत धूल उड़ने और कीचड़ गड्ढों से समस्या बढ़ रही है।
इस पर मौजूद अधिकारी ने कहा कि डामर प्लांट शुरू हो गया है। तीन दिन सभी जगह सर्विस रोड बन जाएगी।
