ऑपरेशन ‘क्लीन’ : होटल और हॉट स्पॉट क्षेत्रों में तलाशी

इंदौर: आगामी त्योहारों को देखते हुए नगरीय पुलिस जोन-2 द्वारा शहर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया. पुलिस ने असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की. इस दौरान 85 वाहन चालकों के चालान बनाए गए, वहीं, विभिन्न थानों ने क्षेत्रवार अभियान चलाकर सघन जांच की.

त्योहारों के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जोन-2 डीसीपी कुमार प्रतीक और एडीसीपी अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया. इसके तहत वाहन चालकों पर कार्रवाई के तहत पुलिस ने 20 शराब पीकर वाहन चलाने वालों, 27 तीन सवारी चलाने वालों और 38 बिना नंबर, बगैर हेलमेट या मॉडिफाई सायलेंसर वाले चालकों पर कार्रवाई की. इस तरह से 85 चालान बनाए गए. वहीं, एडीसीपी अमरेंद्र सिंह ने देवास नाका स्थित पटाखा मार्केट का निरीक्षण किया. वहां सुरक्षा मानकों की जांच में फायर एक्सटिंग्विशर, रेती, पानी के ड्रम और टैंकर पर्याप्त मात्रा में मिले. उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और पटाखों के भंडारण में सावधानी बरतने के निर्देश दिए.

ड्रोन से रखी जा रही संदिग्धों पर नजर
इस अभियान के तहत थाना विजय नगर टीम ने होटल मैरियट और रेडिसन सहित हॉट स्पॉट इलाकों में ऑपरेशन क्लीन चलाया. यहां शराब दुकानों और सुनसान स्थानों पर संदिग्धों की तलाशी ली गई. इसी तरह खजराना पुलिस ने ड्रोन की मदद से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और गुमठियों के आसपास निगरानी रखी. जबकि, तिलक नगर पुलिस ने स्कीम नंबर 140 स्थित पटाखा मार्केट को नो व्हीकल जोन घोषित किया और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की. वहीं, परदेशीपुरा और एमआईजी पुलिस ने एक साथ बाजारों में सर्चिंग अभियान चलाया और व्यापारियों से सड़क पर अतिक्रमण न करने की अपील की. कनाड़िया पुलिस ने बाजार में सुरक्षा कैमरे लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने को लेकर दुकानदारों को समझाइश दी.

इन अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
इस पूरे अभियान में एडीसीपी अमरेंद्र सिंह, एसीपी हिमानी मिश्रा, एसीपी कुंदन मंडलोई, थाना प्रभारी मनीष लोधा, चंद्रकांत पटेल, तारेश सोनी, डॉ. सहर्ष यादव, मनोज सेंधव, आरडी कानवा सहित पुलिस बल मौजूद रहा. अधिकारियों का कहना है कि यह विशेष अभियान आगामी आदेश तक जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी जा सके.

Next Post

ज्वेलर्स से ठगी करने वाला बदमाश गिरफ्तार

Sun Oct 19 , 2025
इंदौर: सराफा पुलिस ने शादी कराने का झांसा देकर ज्वेलर्स से ठगी करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी से करीब एक लाख रुपए का माल बरामद किया है. आरोपी ने व्यापारी का भरोसा जीतकर सामान और नकदी लेकर फरार हो गया था.एडिशनल डीसीपी राजेंद्र दंडोतिया ने बताया […]

You May Like