नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस ने सोमवार को स्पष्ट किया कि पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर पार्टी के कुछ नेता निजी राय व्यक्त कर रहे हैं और अधिकृत नेताओं के अलावा मीडिया के कुछ हिस्सों में जो बयानबाजी हो रही है वह कांग्रेस का अधिकारिक पक्ष नहीं है।
पार्टी ने कहा है कि पहलगाम पर कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पहले ही इस आतंकी घटना के विरोध में प्रस्ताव पारित कर चुकी है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं पार्टी के अन्य अधिकृत पदाधिकारी इस बारे में कांग्रेस की राय सर्वदलीय बैठक तथा मीडिया में पहले ही रख चुके हैं इसलिए मीडिया के एक हिस्से में कुछ नेताओं के जो बयान आ रहे हैं वह उनकी निजी राय है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा,“कांग्रेस कार्य समिति ने 24 अप्रैल 2025 को बैठक की और दो दिन पहले पहलगाम में पर्यटकों पर हुए बर्बर आतंकी हमले पर एक प्रस्ताव पारित किया। इसके पश्चात 24 अप्रैल 2025 के शाम को कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता ने सर्वदलीय बैठक में भाग लिया और पार्टी का पक्ष रखा। कांग्रेस के कुछ नेता मीडिया से चर्चा कर रहे हैं। वे केवल अपनी व्यक्तिगत राय रखते हैं, वे कांग्रेस के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते।”
उन्होंने कहा,“ऐसे अत्यंत संवेदनशील समय में इस बात में कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि केवल कांग्रेस कार्य समिति का प्रस्ताव, श्री मल्लिकार्जुन खरगे और श्री राहुल गांधी द्वारा व्यक्त विचार, तथा अधिकृत पदाधिकारियों के विचार ही कांग्रेस की आधिकारिक स्थिति का प्रतिनिधित्व करते हैं।”
