तेजी से हो रहा है ग्वालियर का विकास – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 

*विवेकानंद नीडम आरओबी व छात्रावासों का किया वर्चुअल लोकार्पण*

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। ग्वालियर से आगरा तक सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे के निर्माण से ग्वालियर और दिल्ली में कोई अंतर नहीं रहेगा। साथ ही वेस्टर्न बाईपास सहित अन्य बड़े-बड़े विकास कार्य होने जा रहे हैं, जिससे अधोसंरचनागत विकास के साथ – साथ आर्थिक दृष्टि से भी ग्वालियर विकसित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में आयोजित हुए विवेकानंद नीडम रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के लोकार्पण कार्यक्रम को भोपाल से वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्वालियरवासियों को इस सौगात के लिये बधाई दी। साथ ही कहा कि भारत सरकार द्वारा ग्वालियरवासियों को वेस्टर्न बाइपास के रूप में एक और बड़ी सौगात दी है। केन्द्र सरकार द्वारा 4 हजार करोड से अधिक लागत से प्रदेश में मंजूर की गईं चार महत्वपूर्ण सड़कों में ग्वालियर की वेस्टर्न बायपास भी शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि आज ग्वालियर को रेलवे ओवरब्रिज के साथ-साथ छात्रावासों की सौगात भी मिली है। 50-50 सीटर कन्या छात्रावासों से ग्वालियर की अनुसूचित जाति की बालिकाओं को पढ़ाई के लिये आवासीय सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी 11 अप्रैल को अशोकनगर जिले के आनंदपुर धाम भी पधार रहे हैं।

मंगलवार की शाम यहाँ चंद्रबदनी नाका के समीप सांसद भारत सिंह कुशवाह की मौजूदगी में आरओबी व छात्रावासों का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, नगर निगम के सभापति मनोज तोमर, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता मंचासीन थीं।

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि ग्वालियर के विकास में नए-नए आयाम जुड़ रहे हैं। इस श्रृंखला में शामिल हुए नए आरओबी से शिवपुरी – दतिया हाईवे तक जाने के लिये एक और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनौतियों को अवसर में बदला है। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्पूर्ण प्रदेश में विकसित राज्य बनाने का काम कर रहे हैं। इससे ग्वालियर के विकास को भी नई ऊँचाईयां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने आज नए आरओबी के साथ-साथ ग्वालियर को दो छात्रावासों का लोकार्पण भी किया है। सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर को 1300 करोड रूपए लागत के वेस्टर्न बाइपास की सौगात मिली है।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी वर्चुअल कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ग्वालियर के सुनियोजित विकास के लिये भरपूर मदद कर रहीं हैं। ग्वालियर में एक साथ पाँच रेलवे ओवरब्रिज सरकार ने मंजूर किए थे। ये सभी पूर्ण हो चुके हैं, इससे ग्वालियरवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी इस अवसर पर सभी को विवेकानंद नीडम आरओबी के लोकार्पण की बधाई दीं।

जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह ने आरओबी व दो छात्रावासों की सौगात देने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से बटन दबाकर ग्वालियर में विवेकानंद नीडम के समीप नवनिर्मित आरओबी एवं छात्रावासों का वर्चुअल लोकार्पण किया।

Next Post

बीजापुर में 26 लाख के इनामी 22 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

Tue Apr 8 , 2025
बीजापुर, 08 अप्रैल (वार्ता) छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर पुलिस को मंगलवार को उस समय बड़ी सफलता मिली जब 26 लाख के इनामी 22 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। बीजापुर पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि इसमें पीएलजी बटालियन, तेलंगना कंपनी तथा ऐशियम स्तर के नेता […]

You May Like