जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय ने प्री-पीएचडी प्रवेश के लिए 24 जुलाई को प्रात: 11 बजे तक आयोजित की गई डीईटी-2025 की परीक्षा की समाप्ति के साथ विगत दिवस 11 विषयों के परिणाम घोषित कर दिए थे। शेष 17 विषयों के परिणाम शुक्रवार अपराह्न 3 बजे जारी कर दिए गए हैं। इस प्रकार 28 घंटे में 28 परिणाम घोषित कर विश्वविद्यालय ने रिकॉर्ड बनाया।
कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि ‘समय पर परीक्षा, समय पर परिणाम’ के ध्येय वाक्य को पीएचडी प्रवेश जैसी बड़ी परीक्षा में भी चरितार्थ कर विश्वविद्यालय प्रशासन ने निश्चय ही बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुलगुरु प्रो वर्मा ने पुनः प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो एस एस संधू, प्रो राकेश बाजपेयी, प्रो सुरेन्द्र सिंह, कुलसचिव डॉ आरके बघेल, परीक्षा नियंत्रक डॉ रश्मि टंडन, ज्योति खराड़ी सहित पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण परीक्षा को सुचारू रूप से सम्पन्न करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही कुलगुरु ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी तरह का योगदान अपेक्षित है।
