
इंदौर। शहर वासियों और वाहन चालकों के लिए इंदौर शहर अभिशाप बनता जा रहा है। शहर में अब लगभग रोज ही कही न कही यातायात जाम हो रहा है। आज तो शहर की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था ही बदहाली का प्रमाण बन गई। इसका कारण शहर में चारों तरफ धार्मिक जुलूस की बाढ़ आना है। आधे से ज्यादा शहर में यातायात रेंगता रहा। प्रशासन और पुलिस यातायात व्यवस्था की बजाय धार्मिक जुलूसों की सुरक्षा में लगे रहे।
आज सावन का आखरी सोमवार होने से शहर में सुबह से ही धार्मिक जुलूस निकाले जा रहे है। सुबह दो बड़े मातृ शक्ति की कावड़ यात्रा के जुलूस निकाले गए। शाम को पश्चिम क्षेत्र में भूतेश्वर महादेव, नेहरू नगर नीलकंठ महादेव सवारी, अन्नापूर्णा रोड बैंक कॉलोनी की विश्वेश्वर महादेव सवारी सहित कई इलाकों में अलग अलग धार्मिक जुलूस निकाले गए।
यह सभी धार्मिक जुलूस शहर के मुख्य मार्गो पर निकाले जा रहे है। इस कारण शहर के प्रमुख और अधिकांश सड़कों पर यातायात जाम लग गए। यातायात जाम को खोलने में किसी प्रशासन और पुलिस अधिकारी की रुचि नहीं दिखाई दी। उल्टा प्रशासन और पुलिस अधिकारी उक्त धार्मिक जुलूस के सुरक्षा में लगे रहे। वही शहर की जनता दो से तीन घंटे तक जाम में फंस कर परेशान होती रही और व्यवस्था दुरस्त करने वाला मौके पर नजर नहीं आ रहा था।
जाम का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जंजीर वाला चौराहे से इंडस्ट्री हाउस, शास्त्री ब्रिज, नंदानगर, नेहरू नगर से परदेशीपुरा चौराहा, एलआईजी मेनरोड, पलासिया, जवाहर मार्ग, राजमोहल्ला, बड़ा गणपति, गंगवाल बस स्टैंड सहित अधिकाश सड़कें वाहनों से पटी पड़ी नजर आ रही थी।
पूरा शहर यातायात जाम के कारण हलाकान होता रहा और बच्चे से लेकर बूढ़े तक परेशान होते रहे। गलियों और छोटे रास्ते के जरिए वाहन चालक अपने गंतव्य तक पहुंचने की जुगत भिड़ाते दिखाई दिए। वहीं चार पहिया वाहन चालक मजबूर होकर रेंगते नजर आए।
