
भोपाल: दीपावली के त्योहार से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जब जनता बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और असुरक्षा के अंधेरे में जी रही है, तो दीपावली का उजाला अधूरा है।”
शनिवार को मीडिया से चर्चा में पटवारी ने सरकार की छह बड़ी विफलताओं — बेरोजगारी, भ्रष्ट सड़कों, किसानों की बदहाली, महंगाई, महिलाओं की असुरक्षा और बाल मृत्यु दर — पर आधारित श्वेत पत्र जारी किया।
पटवारी ने बताया कि प्रदेश में 25 लाख से अधिक युवा बेरोजगार हैं, जिनमें नौ लाख स्नातक शामिल हैं। इसके बावजूद सरकार पीएलएफएस 2023–24 सर्वे के आधार पर बेरोजगारी दर को मात्र 0.9% बताती है। “यह सांख्यिकीय धोखा है, जो बेरोजगार युवाओं की वास्तविकता को छुपाता है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भोपाल–देवास सड़क, जिसकी लागत ₹1,360 करोड़ थी, से अब तक ₹6,500 करोड़ से अधिक टोल वसूला जा चुका है — यानी लागत का 500% — फिर भी सड़कें गड्ढों से भरी हैं।
श्वेत पत्र में सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा गया कि गेहूं ₹2,700 और धान ₹3,100 प्रति क्विंटल देने का वादा अधूरा रह गया है। “खेती अब लाभ नहीं, जोखिम का धंधा बन चुकी है,” उन्होंने कहा।
पटवारी ने महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों की मृत्यु दर जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा और कहा कि मजदूरों को महंगाई के बावजूद केवल ₹1 की दैनिक वृद्धि देना उनका अपमान है।
कांग्रेस ने मांग की कि टोल वसूली समाप्त की जाए, किसानों को एमएसपी की गारंटी दी जाए, मजदूरों के वेतन में वृद्धि हो और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हाई कोर्ट की निगरानी में एसआईटी बनाई जाए।
पटवारी ने कहा, “मध्य प्रदेश में सच्चा उजाला तभी आएगा, जब जनता को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और असुरक्षा से मुक्ति मिलेगी।”
