इंदौर:चंदन नगर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में तीन माह की मासूम की मौत हो गई. घर में खेलते समय बड़े भाई के हाथ से एसिड की बोतल गिर गई, जिससे उछला एसिड पास में लेटी बच्ची के मुंह में चला गया, झुलसने से उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई.घटना राजकुमार नगर की है. थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल ने बताया कि मृत मासूम का नाम अलसिफा पिता अमीर उम्र 3 माह है.
परिजन उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया. पिता अमीर ने बताया कि घर में सफाई के लिए रखा एसिड बच्चे के हाथ में लग गया था. खेलते-खेलते बोतल गिर गई और उसमें से निकला एसिड पास में लेटी अलसिफा के मुंह में चला गया, हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. चंदन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस का कहना है कि यह एक घरेलू हादसा प्रतीत होता है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है.
