
सीहोर. देवास में मां चामुंडा टेकरी के पुजारी के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करना चाहिए. मंदिर के पुजारी में एफआईआर दर्ज कराई है. कांग्रेस ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया है और न्याय की मांग की जा रही है.यह बात रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कही। वे इंदौर की ओर जा रहे थे, इस दौरान जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों ने सैकड़ा खेड़ी जोड़ पर उनका स्वागत किया.
गौरतलब है कि शुक्रवार को आधी रात में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला अपने समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचे थे और रात करीब 1 बजे जबरदस्ती मंदिर खुलवाया और पुजारी के साथ मारपीट की थी. पहले तो पुलिस ने पुजारी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की, लेकिन बाद में पुलिस ने देवास के जितेंद्र रघुवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था. इस घटना को कांग्रेस ने आड़े हाथों लिया है. इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. भोपाल-इंदौर हाईवे पर सीहोर में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने इस घटना की निंदा की. इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे.
कांग्रेसियों ने किया पूर्व सीएम का स्वागत
रविवार को जिला मुख्यालय से गुजर रहे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में हाईवे पर स्वागत किया गया. इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुजराती ने हाल ही में किए गए आंदोलनों के बारे में उन्हें अवगत कराया व आगामी रणनीतियों के बारे में चर्चा की. इस मौके पर कांग्रेस नेता गुजराती के अलावा बृजेश पटेल, रमेश गुप्ता, प्रीतम चौरसिया सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे.
