
भानपुरा। मंदसौर जिले की भानपुरा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मारुति फ्रॉन्क्स कार से 40 पेटी अवैध शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 94 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी आर.सी. दांगी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील सिंह तोमर व टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कार क्रमांक MP14ZF5211 को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान कार से 34 पेटी देसी मसाला शराब व 6 पेटी देसी प्लेन शराब सहित कुल 40 पेटी (360 बल्क लीटर) अवैध शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों के पास शराब परिवहन का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। पुलिस ने रघुवीर सिंह (36) निवासी खेड़ा देवीसिंह और विधमान सिंह (32) निवासी माकड़ी माताजी, दोनों थाना शामगढ़ को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार सहित कुल लगभग 8 लाख 94 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक आर.सी. दांगी, उपनिरीक्षक सुनील सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह झाला सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
